Hemant Khandelwal Betul: केन्‍द्र नेतृत्‍व ने हेमंत खंडेलवाल को फिर सौंपी बड़ी जिम्‍मेदारी, कुशाभाऊ ठाकरे ट्रस्ट का अध्यक्ष बनाया, बधाईयों का लगा तांता

बैतूल। भाजपा के वरिष्ठ नेता, पूर्व विधायक एवं पूर्व सांसद हेमंत खण्डेलवाल को एक बार फिर संगठन ने बड़ी जिम्मेदारी दी है। प्रदेश भाजपा में कोषाध्यक्ष रह चुके हेमंत खण्डेलवाल को कुशाभाऊ ठाकरे ट्रस्ट का अध्यक्ष मनोनीत किया गया है। जानकारी के अनुसार इस ट्रस्ट का अध्यक्ष बनाने के लिए देश के वरिष्ठ नेतृत्व ने मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान का नाम तय किया था, लेकिन आगामी लोकसभा एवं विधानसभा चुनाव में सीएम की व्यस्तता के चलते इस महत्वपूर्ण पद के लिए श्री खण्डेलवाल का नाम तय किया गया है। श्री खण्डेलवाल की सक्रियता एवं संगठन में गहरी पैठ का एक और उदाहरण इस नियुक्ति से सामने आ गया।

गौरतलब है कि पूर्व में भी केन्द्र एवं प्रदेश नेतृत्व ने श्री खण्डेलवाल को बड़ी जिम्मेदारियां सौंपी, जिन्हें उन्होंने बखूबी निभाया। श्री खण्डेलवाल को ट्रस्ट का अध्यक्ष मनोनीत होने की सूचना मिलते ही देश, प्रदेश एवं जिले के जनप्रतिनधियों, पार्टी पदाधिकारियों एवं कार्यकर्ताओं ने उन्हें शुभकामनाएं देना शुरु कर दिया है। उनसे मिलकर, सोशल मीडिया और फोन कॉल पर उन्हें बधाई देने तांता लग गया है।

श्री खण्डेलवाल की यह नियुक्ति इसलिए भी मायने रखती है क्योंकि ट्रस्ट के शेष सदस्य उनसे काफी वरिष्ठ होने के साथ महत्वपूर्ण पदों पर है। लिहाजा ट्रस्ट का अध्यक्ष बनाकर हेमंत को प्रदेश संगठन ने ऐसी जिम्मेदारी सौंपी है, जिसे निष्कर्ष तक पहुंचाना है। नियुक्ति पर पूर्व सांसद श्री खण्डेलवाल ने वरिष्ठ नेतृत्व का आभार मानते हुए मीडिया से कहा कि उन्हें जो जिम्मेदारी वरिष्ठ नेतृत्व ने सौंपी है वे उस पर खरा उतरने का प्रयास करेंगे।

कुशाभाऊ ठाकरे ट्रस्ट का अध्यक्ष पूर्व सांसद हेमंत खण्डेलवाल को मनोनीत किया गया है। वहीं उपाध्यक्ष के रुप में भाजपा के प्रदेश महामंत्री भगवानदास सबनानी को सचिव एवं कोषाध्यक्ष की जिम्मेदारी सतना के महापौर योगेश ताम्रकार को सौंपी गई है। हेमंत की टीम में सदस्य केन्द्रीय मंत्री नरेन्द्र सिंह तोमर, प्रदेश अध्यक्ष वीडी शर्मा, संगठन महामंत्री हितानंद शर्मा, उमाशंकर गुप्ता, माया सिंह, अशोक कुमार पाण्डेय एवं अनिल जैन कालूहेड़ा शामिल है।

प्राप्त जानकारी के अनुसार पूर्व में श्री खण्डेलवाल को ट्रस्ट का सचिव बनाने एवं मुख्यमंत्री श्री चौहान को अध्यक्ष मनोनीत करना तय था, लेकिन सीएम की व्यस्तता के कारण पूर्व में ट्रस्ट के 2017 से सदस्य रहे श्री खण्डेलवाल को यह बड़ी एवं महत्वपूर्ण जिम्मेदारी सौंपी गई है।