Betul News : संविदा स्वास्थ्य कर्मचारियों को मामा शिवराज सिंह चौहान ने बनाया बलि का बकरा

Betul News : संविदा स्वास्थ्य कर्मचारियों को मामा शिवराज सिंह चौहान ने बनाया बलि का बकरा

बैतूल। संविदा स्वास्थ्य कर्मचारी संघ के बैनर तले अनिश्चितकालीन हड़ताल कर रहे जिले के संविदा स्वास्थ्य कर्मचारियों ने शनिवार को  धरना स्थल पर स्वयं को प्रतीकात्मक रूप से बकरा बनाकर बलि के बकरे के रुप में प्रस्तुत कर अनूठा विरोध प्रदर्शन किया। संविदा स्वास्थ्य कर्मचारी संघ के जिला अध्यक्ष डॉ.गोविंद साहू ने बताया संविदा कर्मचारी अपनी जान की परवाह ना करते हुए कोविड जैसी भीषण आपदा हो, या कोई अन्य महामारी हमेशा मोर्चे पर डटा रहता है।

संविदा स्वास्थ्य कर्मियों को मामा शिवराज सिंह चौहान ने बलि का बकरा बना कर रख दिया है। हर जोखिम भरे मोर्चे पर उन्हें खड़ा कर दिया जाता है। हड़ताल के दसवें दिन संविदा कर्मचारियों ने स्वयं को प्रतीकात्मक रूप से बकरा बनाकर बलि के बकरे को रुप में प्रस्तुत कर शिवराज सिंह चौहान के खिलाफ नाराजगी व्यक्ति की।(Betul News)

जिलाध्यक्ष ने बताया संविदा स्वास्थ्य कर्मचारियों द्वारा  नियमितीकरण और 90 प्रतिशत वेतनमान दिए जाने सहित अन्य मांगों को लेकर की जा रही अनिश्चितकालीन हड़ताल को भारतीय मजदूर संघ के प्रदेश महामंत्री मधुकर साबले ने समर्थन दिया। शनिवार धरना स्थल पर पहुंचकर प्रदेश महामंत्री श्री साबले ने  कर्मचारियों की मांगों को जायज बताते हुए सरकार से अति शीघ्र संघ की दो सूत्रीय मांगों को पूर्ण किए जाने का आग्रह किया।

इस दौरान सुनील सरियाम मध्य प्रदेश विद्युत मण्डल के पदाधिकारी, विनय डोंगरे जिला मंत्री भारतीय मजदूर संघ, सहज योग ध्यान केंद्र बैतूल के साधको ने भी धरने को समर्थन देते हुए स्वास्थ्यकर्मियों का मनोबल बढ़ाया।(Betul News)