Betul Samachar In Hindi: आंगनवाड़ी कार्यकर्ताओं ने निकाली विशाल रैली, मुख्यमंत्री के नाम कलेक्टर को सौंपा ज्ञापन

Betul Samacahr In Hindi: आंगनवाड़ी कार्यकर्ताओं ने निकाली विशाल रैली, मुख्यमंत्री के नाम कलेक्टर को सौंपा ज्ञापन

Betul Samacahr In Hindi:(बैतूल)। आंगनवाड़ी कार्यकर्ता सहायिका एकता यूनियन के बैनर तले जिले की आंगनवाड़ी कार्यकर्ता अनिश्चितकालीन आंगनवाड़ी केंद्र बंद हड़ताल पर है।  जिला उद्योग कार्यालय के सामने जारी हड़ताल के 14 वें दिन  धरना स्थल से कार्यकर्ताओं ने विशाल रैली निकाली। यह रैली प्रमुख मार्गो से होते हुए कलेक्ट्रेट पहुंची, जहां मुख्यमंत्री के नाम कलेक्टर को ज्ञापन सौंपा गया। वहीं आंगनवाड़ी कार्यकर्ता, सहायिकाओं ने विधायक निलय डागा को भी अपनी जायज मांगों का ज्ञापन सौंपा। इस दौरान विधायक ने मांगों को सरकार तक पहुंचाने का आश्वासन दिया।

आंगनवाड़ी कार्यकर्ता, सहायिका एकता यूनियन की महासचिव पुषपावाइकर ने बताया संयुक्त मोर्चा के तत्वावधान में 15 मार्च से जारी अनिश्चित कालीन आंगनवाड़ी केन्द्र बंद हड़ताल 14 वें दिन भी जारी रही। जिले भर से लगभग तीन हजार आंगनवाड़ी कार्यकर्ता, सहायिकाए बैतूल पहुँच कर हड़ताल में शामिल हुई। कर्मचारी भवन के पास 15 मार्च से जारी अनिश्चित कालीन के चलते जिले भर की लगभग सभी आंगनवाड़ी केन्द्रों में तालें लटक रहे है। इस हड़ताल से महिला एवं बाल विकास विभाग की सभी योजनाए बुरी तरह से प्रभावित सी हो गई है, जिसके कारण बच्चों, गर्भवती महिलाएं, धात्री महिलाएं, किशोरी बालिकाएं सभी को शासन से मिलने वाले पूरक पोषण आहार से वंचित होना पड रहा हैं।

शासन की योजना बुरी तरह प्रभावित हो गई है। बहनों के भाई, बच्चों के मामा प्रदेश के मुख्यमंत्री शिवराज सिह चौहान है कि प्रदेश की लाखों आंगनवाड़ी कार्यकर्ता, सहायिकाओं की वर्षो से चली आ रही लंबित न्यायोचित मांगो के प्रति गंभीर नहीं दिखाई दे रही है।

रैली में सुपरवाईजर संघ की जिला अध्यक्ष अर्चना तिवारी, सचिव रूपा मिश्रा सहित अन्य सुपरवाईजर शामिल हुई। रैली का नेतृत्व आंगनवाडी कार्यकर्ता, सहायिका एकता यूनियन की जिला अध्यक्ष सुनिता राजपाल, महासचिव पुषपा वाइकर,  सचिव सुनिता तिवारी, गीता मालवीय, कोषाध्यक्ष संगीता इंद्रा भारद्वाज, यूनियन के संरक्षक कामरेड कुन्दन राजपाल, नारी बुलंद संगठन की शकुन बारंगे, उषा सातनकर, किरण चौधरी, मधुबाला फुलकर युनियन परियोजना अध्यक्ष साजिदा खान, जमुना आठोले, संगीता धोटे, प्रमिला निरापूरे, रामकली धुर्वे आदि शामिल हैं।

धरना स्थल पर जिले भर से हड़ताल में उपस्थित हजारों आंगनवाडी कार्यकर्ता सहायिकाओं को  यूनियन के संरक्षक कामरेड कुन्दन राजपाल, सुपरवाईजर संघ की जिला अध्यक्ष अर्चना तिवारी ने संबोधित किया। हड़ताल के दौरान कार्यकर्ताओं में मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान व भाजपा सरकार के खिलाफ आक्रोश देखने को मिला। धरना स्थल पर मुख्यमंत्री के खिलाफ जमकर नारेबाजी की गई।