Betul Today Crime : लिफ्ट देकर महिला से छेड़छाड़, विरोध किया तो मार दिया चाकू, बैतूल का मामला

Betul Today Crime : लिफ्ट देकर महिला से छेड़छाड़, विरोध किया तो मार दिया चाकू, बैतूल का मामलाBetul Today Crime : बैतूल में मनचले ने एक महिला पर चाकू से हमला कर दिया। छेड़छाड़ का विरोध किया तो चाकू मारकर घायल कर दिया। उसके चीखने पर लोग वहां पहुंचे। आरोपी भाग गया। महिला को एम्बुलेंस से जिला अस्पताल पहुंचाया गया। पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है।

घटना शनिवार रात करीब 10 बजे गऊठाना क्षेत्र की है। 22 साल की पीड़िता ने पुलिस को बताया कि वह मजदूरी करके घर लौट रही थी। इसी दौरान आकाशवाणी रोड पर बाइक सवार 2 युवक आए। उन्होंने खुद को गऊठाना का बताकर लिफ्ट दे दी। युवकों ने उसे छोड़ने का कहकर बैठा लिया। बड़ा नागदेव मंदिर के पास पहुंचे ही थे कि बाइक का पेट्रोल खत्म हो गया। एक युवक पेट्रोल लाने चला गया। जबकि दूसरा महिला के साथ खड़ा रहा। सुनसान जगह होने से थोड़ी देर बाद उसने छेड़छाड़ शुरू कर दी। विरोध करने पर चाकू से हमला कर दिया। हमले में महिला को पीठ, हाथ, सीने, पेट और ठुड्डी पर चोट आई है। महिला बुरी तरह घायल हो गई है। उसे शरीर में कई जगह घाव हो गए हैं।

महिला शादीशुदा, पति से तलाक का केस चल रहा

SDOP सुरेश पाल सिंह ने बताया कि महिला भैंसाघाट झल्लार की रहने वाली है। उसका पति से तलाक का केस चल रहा है। वह गऊठाना में किराए का मकान लेकर रहती है। मायके पक्ष में भी कोई नहीं है। महिला ने पुलिस को बताया कि वह आरोपियों में से किसी को नहीं जानती है। पुलिस ने एफआईआर दर्ज कर अज्ञात आरोपियों की तलाश शुरू कर दी है। इलाके में लगे सीसीटीवी कैमरे खंगाले जा रहे हैं।